पीरपैंती प्रखंड स्थित प्रस्तावित अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर परियोजना को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अडानी ग्रुप के अध्यक्ष गौतम अडानी 22 फरवरी को दोपहर 12:00 बजे से 1:00 बजे के बीच परियोजना स्थल का दौरा करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उनका आगमन और प्रस्थान परियोजना परिसर में बनाए गए हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर के माध्यम से होगा।


परियोजना का संचालन कर रही बर्मल पावर कंपनी के परियोजना प्रमुख राजीव गीयल ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर आवश्यक प्रशासनिक और सुरक्षा सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। पत्र में कहा गया है कि दौरे के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके। साथ ही एक क्रिटिकल केयर एंबुलेंस, एक अग्निशमन वाहन तथा हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग के लिए स्मोक कैंडल सहित आवश्यक आपातकालीन व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है।


जिला प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तत्परता दिखाई है। एसएसपी से पीरपैंती थर्मल पावर प्रोजेक्ट साइट स्थित हेलीपैड और हेलीकॉप्टर की सुरक्षा के लिए पुलिस पदाधिकारी सहित पर्याप्त सशस्त्र बल और लाठी बल की प्रतिनियुक्ति करने का अनुरोध किया गया है। विधि-व्यवस्था के अपर समाहर्ता एवं जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को समन्वय का दायित्व सौंपा गया है। कहलगांव के एसडीओ और एसडीपीओ को पर्याप्त दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं सिविल सर्जन को मेडिकल टीम एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।


गौरतलब है कि पीरपैंती में स्थापित होने वाला यह अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट 2,400 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता का होगा। यह परियोजना लगभग 479 हेक्टेयर भूमि पर विकसित की जाएगी, जो सिरमतपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्थित है। परियोजना स्थल के उत्तर में गंगा नदी, दक्षिण में नेशनल हाईवे तथा निकट ही पीरपैंती रेलवे स्टेशन स्थित है, जिससे परिवहन की सुविधा मिलेगी।


अडानी समूह द्वारा इस महत्वाकांक्षी परियोजना को पांच वर्षों में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कंपनी ने इसके लिए विस्तृत टाइमलाइन भी तैयार कर ली है। फिलहाल चहारदीवारी निर्माण और भूमि समतलीकरण का कार्य प्रगति पर है। इस परियोजना से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ने और ऊर्जा क्षेत्र में मजबूती आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *