सहरसा जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में एग्री स्टैक परियोजना अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री कार्यों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचलाधिकारी (सीओ) एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने प्रखंडवार अब तक किए गए फार्मर रजिस्ट्री कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि एग्री स्टैक परियोजना किसानों के हित में सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से किसानों का डाटाबेस तैयार कर उन्हें विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। ऐसे में इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर विशेष कैंप लगाकर किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के लिए जागरूक किया जाए तथा तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। जिन प्रखंडों में प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, वहां के अधिकारियों को विशेष रूप से कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि किसानों को पंजीकरण के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए और कृषि समन्वयकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि एग्री स्टैक परियोजना के सफल क्रियान्वयन से किसानों को पारदर्शी और समयबद्ध लाभ मिलेगा।
अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ अभियान मोड में कार्य करते हुए तय समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूर्ण करने का आह्वान किया।
