सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत ‘‘सबका सम्मान–जीवन आसान’’ अभियान के अंतर्गत गुरुवार को समाहरणालय परिसर में जनता से संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री दीपेश कुमार ने की, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं।

 

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित इस जनसंवाद में कुल 70 मामलों की सुनवाई की गई। प्राप्त आवेदनों में भूमि विवाद, अतिक्रमण से जुड़े मामले तथा अन्य प्रशासनिक शिकायतें प्रमुख रहीं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े। जनता दरबार जैसे कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि शिकायतों का त्वरित निराकरण हो सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।

 

कार्यक्रम के दौरान जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री मृत्युंजय कुमार, अपर समाहर्ता श्री निशांत, प्रभारी पदाधिकारी जन शिकायत सहित जन शिकायत शाखा के कर्मी अभिषेक कुमार, मो. कलीमुद्दीन, जावेद इकबाल एवं नागेश्वर रजक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आवेदकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली।

 

जनता से संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखी गई। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि आम नागरिकों की शिकायतों का पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *