सहरसा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ₹25,000 रुपये के इनामी कुख्यात अंतरजिला अपराधी अभिषेक झा उर्फ अभिषेक कुमार झा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चार संगीन मामलों में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था।

 

पुलिस अधीक्षक सहरसा के सख्त निर्देश और सतत निगरानी में जिले में अपराध नियंत्रण तथा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में साइबर थाना एवं बिहरा थाना के पदाधिकारी सहित जिला आसूचना इकाई के कर्मियों को शामिल किया गया था।

 

जानकारी के अनुसार बिहरा थाना कांड संख्या 280/25, दिनांक 07 दिसंबर 2025, धारा 309(6) बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट से संबंधित विशनपुर पेट्रोल पंप गोलीकांड मामले में अभिषेक झा मुख्य आरोपी था। घटना के बाद से वह लगातार ठिकाना बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विशेष टीम ने 18 फरवरी 2026 को उसे दिल्ली स्थित विवेक विहार सोसाइटी से गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तार अभियुक्त अभिषेक झा उर्फ अभिषेक कुमार झा, पिता रतन झा, निवासी बलवा टोला वार्ड संख्या 03, थाना नवहट्टा, जिला सहरसा का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार वह लूट, हत्या का प्रयास और छिनतई जैसे मामलों में सक्रिय रहा है। उस पर सुपौल, अररिया और सहरसा जिले में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वह बैंक डकैती, लूट और गोलीबारी जैसी घटनाओं में भी संलिप्त रहा है।

 

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कुल चार कांड दर्ज हैं और आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। सहरसा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। फरार एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान आगे भी चलता रहेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *