भागलपुर। जिले के असरगंज थाना क्षेत्र के अमैया गांव निवासी परीक्षण सिंह के 30 वर्षीय पुत्र चंदन सिंह की बुधवार रात लाठी-डंडे से पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

 

मृतक की पत्नी सोनम कुमारी ने बताया कि चंदन सिंह डेकोरेशन और डीजे का काम करते थे। लखनपुर गांव निवासी चितरंजन कुमार के पास कुर्सी किराया के रूप में 1500 रुपये बकाया थे। करीब छह महीने बाद जब चंदन पैसे मांगने पहुंचे तो आरोपी ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और चंदन पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया गया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

घटना के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए असरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉ. कामिनी कुमारी ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

 

बताया जाता है कि मृतक हाल ही में बाथ थाना क्षेत्र के झोझी मुसहरी में घर बनाकर रह रहे थे। मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित परिजनों ने झोझी मुसहरी के समीप शव रखकर सड़क जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा। परिजन आरोपी की गिरफ्तारी और उचित मुआवजे की मांग कर रहे थे।

 

सूचना मिलते ही भागलपुर जिले के लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी नवनीत कुमार सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि तत्काल सहायता के रूप में 20 हजार रुपये का चेक दिया गया है और सरकार की ओर से अन्य सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

 

डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि बयान के आधार पर बाथ थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। मृतक अपने पीछे पत्नी सोनम कुमारी और छह वर्षीय पुत्री देवासी को छोड़ गए हैं। पत्नी लगातार प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *