गोपालपुर. स्थानीय विधायक शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने बुधवार को बिहार विधानसभा के सत्र के दौरान इस्माईलपुर–बिंद टोली तटबंध पर स्थायी सड़क निर्माण की मांग को जोरदार ढंग से उठाया। उन्होंने जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी से इस दिशा में शीघ्र आदेश जारी करने का आग्रह किया। विधायक ने कहा कि यह तटबंध क्षेत्र बाढ़ प्रभावित इलाकों में आता है और यहां के ग्रामीणों को वर्ष भर आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में तटबंध पर पक्की सड़क का निर्माण क्षेत्र की जरूरत बन चुका है।


विधायक ने सदन में यह भी उल्लेख किया कि मंत्री विजय कुमार चौधरी का सैदपुर क्षेत्र से विशेष लगाव रहा है, इसलिए वे इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करें। उन्होंने तर्क दिया कि सड़क बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों में भी तेजी आएगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।


इस पर मंत्री विजय कुमार चौधरी ने स्पष्ट किया कि व्यक्तिगत संबंध अपनी जगह होते हैं, लेकिन सरकार रिश्तों के आधार पर कार्य नहीं करती। उन्होंने कहा कि जल संसाधन विभाग का मुख्य कार्य तटबंधों का निर्माण, मरम्मत और बाढ़ नियंत्रण से संबंधित है। विभाग बाढ़ के समय तटबंधों पर अस्थायी मोटरेबल व्यवस्था बनाता है ताकि आवाजाही संभव हो सके, परंतु स्थायी सड़क निर्माण उसका दायित्व नहीं है।


मंत्री ने आगे बताया कि तटबंध पर सड़क निर्माण का कार्य ग्रामीण कार्य विभाग अथवा पथ निर्माण विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है। यदि संबंधित विभाग इस तटबंध पर सड़क निर्माण की योजना बनाते हैं, तो जल संसाधन विभाग को कोई आपत्ति नहीं होगी और आवश्यक समन्वय किया जाएगा।


इस मुद्दे पर सदन में हुई चर्चा के बाद क्षेत्रवासियों की उम्मीदें बढ़ गई हैं कि संबंधित विभाग पहल कर तटबंध पर सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *