भागलपुर शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थल सैंडिस कंपाउंड में दर्जनों कौवों की अचानक मौत से पूरे इलाके में दहशत और चिंता का माहौल बन गया है। सोमवार सुबह स्विमिंग पूल के ठीक सामने कई मृत कौवे पड़े मिले, जिसे देखकर मॉर्निंग वॉक और व्यायाम के लिए पहुंचे लोगों में भय फैल गया। देखते ही देखते यह खबर आसपास के क्षेत्रों में भी चर्चा का विषय बन गई।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, इतने बड़े पैमाने पर पक्षियों की मौत सामान्य घटना नहीं हो सकती। कुछ दिन पहले नवगछिया क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में पक्षियों के मरने की सूचना सामने आई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं ने संभावित बर्ड फ्लू को लेकर आशंकाओं को और गहरा कर दिया है। हालांकि अब तक जिला प्रशासन या पशुपालन विभाग की ओर से किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

 

सुबह की ताजी हवा लेने पहुंचे नागरिकों का कहना है कि खुले मैदान में इस तरह पक्षियों का मृत पाया जाना गंभीर चिंता का विषय है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मृत पक्षियों को तुरंत सुरक्षित तरीके से हटाया जाए और पूरे क्षेत्र को सैनिटाइज किया जाए, ताकि किसी संभावित संक्रमण के खतरे को रोका जा सके। कई लोगों ने एहतियातन फिलहाल उस इलाके में जाना भी कम कर दिया है।

 

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि घटना के घंटों बाद भी न तो जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और न ही नगर निगम या स्मार्ट सिटी प्रबंधन की ओर से कोई त्वरित कार्रवाई देखने को मिली। इससे लोगों में नाराजगी भी है।

 

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यदि पक्षियों की असामान्य मौत हो रही है, तो तुरंत सैंपल जांच कराई जानी चाहिए। समय रहते वैज्ञानिक परीक्षण और सतर्कता बरती जाए तो किसी बड़े खतरे को टाला जा सकता है।

 

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कब संज्ञान लेगा और क्या बर्ड फ्लू की आशंका की पुष्टि के लिए वैज्ञानिक जांच कराई जाएगी। फिलहाल शहरवासियों की नजरें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *