भागलपुर जिले के सबौर प्रखंड अंतर्गत ग्राम राजांदीपुर दुर्गा स्थान प्रांगण में श्री श्री 108 महाविष्णु यज्ञ का आयोजन भव्य कलश शोभायात्रा के साथ प्रारंभ होने जा रहा है। हर पांच वर्ष में आयोजित होने वाला यह महायज्ञ क्षेत्र का एक प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन माना जाता है, जिसमें दूर-दराज से श्रद्धालु, साधु-संत और भक्तगण शामिल होते हैं।
आयोजन समिति के अनुसार इस बार लगभग 2000 से 3000 महिलाएं कलश भरकर शोभायात्रा में भाग लेंगी। कलश यात्रा यज्ञ स्थल राजांदीपुर दुर्गा स्थान से निकलकर बाबूपुर, सबौर आर्य टोला होते हुए डीपीएस गंगा घाट तक पहुंचेगी। वहां सभी महिलाएं गंगा स्नान कर विधि-विधान से कलश में पवित्र जल भरेंगी और पुनः यज्ञ स्थल पर लौटेंगी। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ की विधिवत शुरुआत की जाएगी।
यज्ञ के दौरान भागवत कथा, धार्मिक प्रवचन और नाटक मंचन का भी आयोजन होगा, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब जाएगा। प्रांगण में आकर्षक झूले और मेले जैसी व्यवस्थाएं भी की गई हैं, जिससे बच्चों और श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।
आयोजन समिति के सदस्य निरंजन मंडल, कैलाश मंडल, बिलास मंडल और शहर मंडल सहित अन्य सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं। यज्ञ स्थल पर विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
हर पांच साल में होने वाला यह महायज्ञ सबौर क्षेत्र का एक बड़ा धार्मिक आयोजन माना जाता है। यज्ञ के दौरान विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल है।
