भागलपुर के मधुसूदनपुर थाना परिसर में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता शैलेंद्र सिंह (पुलिस अधीक्षक नगर) ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए और अपनी-अपनी समस्याएं सीधे पुलिस प्रशासन के समक्ष रखीं।
जनसंवाद के दौरान जमीन विवाद से जुड़ी शिकायतें सबसे अधिक सामने आईं। कई लोगों ने बताया कि थाना में आवेदन देने के बावजूद उन्हें रिसीविंग नहीं दी जाती, जिससे आगे की प्रक्रिया में दिक्कत होती है। इस पर एसपी सिटी ने थानाध्यक्ष और कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी आवेदन पर रिसीविंग देने में विलंब न किया जाए और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम में एसपी सिटी ने अपना मोबाइल नंबर सार्वजनिक रूप से साझा करते हुए कहा कि नागरिक अपनी समस्याएं फोन या व्हाट्सएप के माध्यम से भी सीधे उन्हें भेज सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि जहां कहीं भी नशे का कारोबार हो, उसकी सूचना तुरंत दें ताकि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
एसपी सिटी ने भरोसा दिलाया कि जनसंवाद में प्राप्त शिकायतों पर विधि-सम्मत कार्रवाई कर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच संवाद मजबूत होने से अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। जनसंवाद को लेकर स्थानीय लोगों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और इसे पुलिस-जन सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
