बिहार के दरभंगा जिले में पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने और कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में लहेरियासराय थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक साजिद हुसैन खान को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने बुधवार को की।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें दावा किया गया है कि लहेरियासराय थाना में ओ.डी. ड्यूटी पर बैठे साजिद हुसैन खान चरित्र प्रमाण पत्र के सत्यापन के नाम पर एक व्यक्ति से रुपये ले रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष, लहेरियासराय थाना से प्रतिवेदन मांगा गया।
थानाध्यक्ष द्वारा समर्पित प्रतिवेदन में उल्लेख किया गया कि संबंधित अवर निरीक्षक द्वारा चरित्र प्रमाण पत्र सत्यापन के दौरान रुपये लेने की बात सामने आई है। इस कृत्य से पुलिस विभाग की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ना प्रतीत हुआ। प्रतिवेदन के आधार पर विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि समर्पित प्रतिवेदन के आलोक में साजिद हुसैन खान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें सामान्य जीवन यापन भत्ता दिया जाएगा तथा उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, दरभंगा निर्धारित किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विभागीय अनुशासन और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है और आवश्यकतानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
