नवगछिया। तेतरी जीरो माइल चौक पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में परीक्षा देने जा रही दो छात्राएं घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार लत्तीपुर गांव की दो छात्राएं बाइक से नवगछिया स्थित लाल जी उत्क्रमित मध्य विद्यालय में दसवीं कक्षा की परीक्षा देने जा रही थीं। इसी दौरान तेतरी जीरो माइल चौक के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और दोनों छात्राएं सड़क पर दूर जा गिरीं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया।


अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि एक छात्रा को हल्की चोटें आई हैं, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल है। उसकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और ट्रक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


इस घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने तेतरी जीरो माइल चौक पर ट्रैफिक नियंत्रण और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *