नवगछिया में आभूषण साफ करने के नाम पर ठगी करने वाले अंतरजिला गिरोह के तीन अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 16 फरवरी को कदवा थाना को सूचना मिली कि एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात युवक गांव-गांव घूमकर लोगों को आभूषणों की सफाई और पॉलिश कराने का झांसा दे रहे हैं। वे खासकर महिलाओं को निशाना बनाकर सोने के जेवर साफ करने के बहाने अपने साथ ले लेते थे और मौके से फरार हो जाते थे।
इसी क्रम में दो महिलाओं के सोने के आभूषण लेकर आरोपी फरार हो गए। पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर कदवा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, नवगछिया के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मानवीय एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर महज 24 घंटे के भीतर कांड का खुलासा कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने कटिहार जिला के कुरसेला थाना क्षेत्र के समेली निवासी कुंदन कुमार, चकलामोला निवासी प्रेम कुमार तथा खैरालाल चंद समेली निवासी मुन्ना मंडल को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपितों को एसटीएफ के सहयोग से पकड़ा गया। पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक तथा 76 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर ठगी किए गए आभूषणों को नवगछिया स्थित एक आभूषण दुकान से बरामद किया गया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गिरोह ने अन्य क्षेत्रों में भी इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।
पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से अपील की है कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा आभूषण साफ करने या किसी अन्य बहाने से घर में प्रवेश करने की कोशिश की जाए तो तुरंत इसकी सूचना स्थानीय थाना को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे ठग गिरोहों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
