मधेपुरा जिले के चौसा बाजार से पहले एचपी पेट्रोल पंप के समीप देर रात मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। इस हमले में एक ही परिवार के कई लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान शीला देवी (पति–विजेंद्र सिंह), चूड़ी सिंह (पिता–विजेंद्र सिंह) और विजेंद्र सिंह (पिता–स्वर्गीय बाबू सिंह) के रूप में हुई है। इसके अलावा उनकी बेटी और दामाद के भी घायल होने की सूचना है।

 

जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार पिछले करीब दो महीनों से पेट्रोल पंप के पास दवा-जड़ी-बूटी की दुकान लगाकर वहीं रह रहा था। परिजनों का आरोप है कि उनके ही गांव के कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी दो-तीन बार इस तरह की झड़प हो चुकी है, लेकिन इस बार हमला बेहद गंभीर था।

 

घायल विजेंद्र सिंह ने बताया कि रात करीब दो बजे पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था। तभी करीब 15 लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने सो रहे परिवार के सदस्यों को बेरहमी से पीटा, जिससे सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

मारपीट के आरोप में विशंभर सिंह, पप्पू सिंह, बिरजू सिंह, कमल सिंह, राजेश सिंह और जोगिंदर सिंह समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी वर्तमान में पंजाब में काम करते हैं, लेकिन मूल रूप से उसी गांव के रहने वाले हैं।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए चौसा अस्पताल ले जाया गया। स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने सभी को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

 

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *