सहरसा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराहा में उस वक्त सनसनी फैल गई जब सातवीं कक्षा के 13 वर्षीय छात्र अंकित आनंद को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। घटना सिमराहा चौक से करीब 100 मीटर पूर्व की बताई जा रही है। गोली छात्र की कनपटी में लगी और ब्रेन में फंस गई, जिससे उसकी स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है।
घायल छात्र अंकित आनंद, पिता अनुज कुमार निराला, एक निजी स्कूल में कक्षा 7 का छात्र है। परिजनों के अनुसार, घटना मंगलवार शाम करीब 3:30 से 4 बजे के बीच की है। छात्र के पिता अनुज कुमार निराला, जो पेशे से वकील हैं, ने बताया कि उनका बेटा स्कूल से पढ़कर घर लौट रहा था। सिमराहा चौक से कुछ दूरी पर एक लिट्टी-समोसा की दुकान के पास तीन युवक खड़े थे। जैसे ही अंकित वहां से गुजरा, उसे गोली मार दी गई। उन्होंने कहा कि किसी से उनकी कोई दुश्मनी नहीं है और न ही उन्हें किसी रंजिश की जानकारी है।
घायल छात्र का इलाज कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि गोली ब्रेन में फंसी हुई है और प्रारंभिक जांच में ब्रेन डेड जैसी स्थिति प्रतीत हो रही है। डॉक्टरों के अनुसार, अगले छह घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं। फिलहाल छात्र को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है और उसकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों का कहना है कि अब ईश्वर की कृपा और चिकित्सा प्रतिक्रिया पर ही सब कुछ निर्भर है।
वहीं, सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि गोली लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि जैसे ही आरोपियों की पहचान होगी, गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
