बिहार के मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो मंगलवार का है, जो अब विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से साझा किया जा रहा है। वीडियो में मुरलीगंज थाना का एक होमगार्ड जवान बीच बाजार में बंदूक ताने हुए नजर आ रहा है और कथित तौर पर ‘उड़ा देने’ की धमकी देता दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि यह घटना मुरलीगंज के बेंगा पुल स्थित हनुमान मंदिर के पास की है। जानकारी के अनुसार, एक पिकअप ड्राइवर भोज का सामान लोड कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर जवान और ड्राइवर के बीच बहस शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस इतनी बढ़ गई कि जवान ने गुस्से में आकर बंदूक तान दी और कथित तौर पर धमकी दे डाली।
वायरल वीडियो में आसपास खड़े लोगों की भीड़ और मौके पर मची अफरातफरी साफ देखी जा सकती है। बाजार में मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस विभाग की ओर से भी अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
फिलहाल, वीडियो की सत्यता और पूरे मामले की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
