बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता Rajpal Yadav को करीब 11 दिनों के बाद तिहाड़ जेल से जमानत मिल गई है। 9 करोड़ रुपये के कर्ज मामले में वे 5 फरवरी को पुलिस के सामने सरेंडर करने के बाद जेल गए थे। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने और वेरिफिकेशन के बाद अब उन्हें रिहा कर दिया गया है।
जेल से बाहर निकलते ही राजपाल यादव ने मीडिया से बातचीत में भावुक अंदाज में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “मैं 2027 में मुंबई में बॉलीवुड में अपने 30 साल पूरे करूंगा। देश के बच्चों, बूढ़ों और जवानों का जो प्यार मुझे मिला है, उसी की बदौलत मैं 200-250 फिल्मों में काम कर पाया। मैं अपने फैंस और पूरे बॉलीवुड परिवार का दिल से आभारी हूं। हाईकोर्ट के आदेशों का मैंने पूरी ईमानदारी से पालन किया है और आगे भी कानून का सम्मान करता रहूंगा।”
यह मामला उनकी वर्ष 2012 में रिलीज हुई फिल्म Ata Pata Laapata से जुड़ा है। इस फिल्म के निर्माण के लिए उन्होंने मेसर्स मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये उधार लिए थे। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो पाई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। समय बीतने के साथ चेक बाउंस, ब्याज और जुर्माने के कारण बकाया राशि बढ़कर लगभग 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
कोर्ट के आदेश के बाद उनके वकीलों ने आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की, जिसके बाद उनकी रिहाई संभव हो सकी। जेल से निकलने के बाद राजपाल यादव उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के लिए रवाना होंगे, जहां 19 फरवरी को अपनी भतीजी की शादी में शामिल होंगे।
राजपाल यादव ने कहा कि परिवार और चाहने वालों का साथ हमेशा उन्हें मजबूती देता है। अब वे फिर से अपने काम पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं और एक नई शुरुआत के लिए तैयार हैं।
