बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सकरा थाना क्षेत्र के वाजिद मंसूरपुर गांव में 16 वर्षीय छात्रा की आधी रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के कुछ ही देर बाद आरोपी युवक खुद थाने पहुंच गया और पुलिस से कहा— “साहब… मार डाला मैंने।”
जानकारी के अनुसार, मृतक छात्रा नौवीं कक्षा की छात्रा थी। आरोप है कि युवक ने देर रात घर में घुसकर उसे गोली मार दी। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य सो रहे थे। गोली की आवाज सुनकर परिजन जब बाहर निकले तो छात्रा को खून से लथपथ हालत में पाया। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
इधर, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सीधे सकरा थाना पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ के दौरान घटना की पूरी जानकारी दी है। हालांकि हत्या के पीछे का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे गहन पूछताछ जारी है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्रामीण स्तब्ध हैं और परिवार शोक में डूबा हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
