महाराष्ट्र के पुणे जिले के इंदापुर तालुका स्थित भिगवन में शादी से ठीक चार दिन पहले एक 21 वर्षीय युवती के अपहरण की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। युवती अपनी मां और भाई के साथ शादी की खरीदारी कर घर लौट रही थी, तभी रास्ते में दो युवकों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने पहले मां और भाई की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। जब तक वे संभल पाते, आरोपी युवती को जबरन चारपहिया वाहन में बैठाकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
बताया जा रहा है कि युवती की शादी 22 फरवरी को तय थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी पड़ोस के ही युवक हैं और पिछले एक महीने से युवती के साथ फोन पर बातचीत कर रहे थे। इस संबंध में भिगवन पुलिस थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया और कुछ समय के लिए पुणे-सोलापुर हाईवे जाम कर दिया। हालांकि बाद में यातायात सामान्य हो गया।
पुणे ग्रामीण के एसएसपी संदीप सिंह गिल ने बताया कि आरोपियों की तलाश में छह टीमें गठित की गई हैं और जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है। साथ ही लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई है।
