नवगछिया। सोशल मीडिया पर 15 फरवरी को वायरल हुए एक वीडियो ने पुलिस प्रशासन को सतर्क कर दिया। वीडियो में कदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत नवगछिया-मधेपुरा फोरलेन पर दो बाइक चालक तेज रफ्तार में खतरनाक स्टंट करते और खुलेआम यातायात नियमों का उल्लंघन करते दिखाई दे रहे थे। यह करतूत न केवल उनकी अपनी जान के लिए जोखिम भरी थी, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न कर रही थी।
वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए एसपी नवगछिया ने तत्काल यातायात थाना नवगछिया के थानाध्यक्ष को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। निर्देश मिलते ही यातायात पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। तकनीकी जांच और स्थानीय स्तर पर पहचान के आधार पर वीडियो में दिख रहे दोनों बाइक चालकों की पहचान कर ली गई।
पहचान के बाद पुलिस ने दोनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत यातायात नियमों के उल्लंघन का मामला दर्ज किया। कार्रवाई करते हुए एक बाइक चालक पर 13 हजार रुपये तथा दूसरे पर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार कुल 28 हजार रुपये का आर्थिक दंड वसूला गया।
पुलिस ने दोनों चालकों को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार का खतरनाक स्टंट या नियमों का उल्लंघन दोबारा न करें। साथ ही उनके परिजनों को भी बुलाकर समझाया गया कि वे ऐसे कृत्यों को बढ़ावा न दें और युवाओं को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि सड़क सुरक्षा को गंभीरता से लें। न तो स्वयं इस तरह के जोखिम भरे स्टंट करें और न ही किसी अन्य को ऐसा करने दें। थोड़ी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। यातायात नियमों का पालन कर ही सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।
