बिहार के जिले में एक ही दिन दो अलग-अलग स्थानों पर नाबालिगों के साथ गलत हरकत की घटनाओं ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पहले जिले में ढाई साल के एक मासूम के साथ हुई घटना की खबर सामने आई थी, जिसे हमने आपको दिखाया था। अब उसी दिन का यह दूसरा मामला बिहरा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जिसने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, बिहरा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 की रहने वाली करीब 14 वर्षीय किशोरी को गांव का ही एक युवक बहला-फुसलाकर अपने संपर्क में रखता था। परिजनों को घटना की भनक तब लगी जब लड़की की तबीयत अचानक बिगड़ गई। आरोप है कि युवक ने उसे एक दवा दी, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

पीड़िता की मां के आवेदन पर बिहरा थाना में पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की पुष्टि करते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

एक ही दिन में दो मासूमों से जुड़ी घटनाओं ने जिले में आक्रोश और भय का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को कानून के तहत कड़ी सजा दिलाने की दिशा में तेजी से कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *