डॉ. नवल किशोर चौधरी, जिलाधिकारी भागलपुर ने आज जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत बैजानी पंचायत का विस्तृत दौरा कर क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी योजनाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं तय समय-सीमा में पूर्ण की जाएं।
निरीक्षण के क्रम में डीएम ने पंचायत क्षेत्र के तालाब, कुआं एवं अन्य सामुदायिक परिसंपत्तियों का जायजा लिया। तालाब के सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए उन्होंने गुणवत्ता सुनिश्चित करने और कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण से जुड़ी योजनाएं ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और इनके प्रभावी क्रियान्वयन से ही दीर्घकालिक लाभ संभव है।
जिलाधिकारी ने पंचायत सरकार भवन के समीप प्रस्तावित विवाह मंडप निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विवाह मंडप का निर्माण शीघ्र प्रारंभ कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने निर्माण कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता पर विशेष बल दिया।
उल्लेखनीय है कि जगदीशपुर प्रखंड आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित है। इस संदर्भ में डीएम ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आधारभूत संरचना और आजीविका से संबंधित योजनाओं की प्रगति में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आकांक्षी प्रखंड के मानकों के अनुरूप समग्र विकास के लिए विभागों के बीच समन्वय और नियमित मॉनिटरिंग आवश्यक है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, अपर समाहर्ता दिनेश राम, अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था राकेश रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विकास कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
