भागलपुर में झुग्गी-झोपड़ी संघर्ष समिति के बैनर तले भूमिहीन परिवारों ने समाहरणालय गेट के समीप जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।

 

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि वे कई वर्षों से भीखनपुर स्थित गुमटी नंबर एक, दो और तीन के इस्लामनगर क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। यह जमीन भारतीय रेल के अधीन आती है। अब रेलवे की ओर से उक्त जमीन खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया है, जिससे सैकड़ों परिवार बेघर होने के कगार पर पहुंच गए हैं।

 

भूमिहीन परिवारों का कहना है कि उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं और उनके पास रहने के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है। अचानक जमीन खाली कराने के आदेश से उनके सामने रहने और रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

 

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन की ओर से पहले उन्हें बसाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक न तो जमीन उपलब्ध कराई गई और न ही पुनर्वास की कोई ठोस व्यवस्था की गई। उनका कहना है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए उन्हें हटाया जाना अन्यायपूर्ण है।

 

आज प्रदर्शन के दौरान भूमिहीन परिवारों के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि पहले सभी प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की समुचित व्यवस्था की जाए, उसके बाद ही रेलवे की जमीन खाली कराई जाए।

 

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे आंदोलन को और तेज करने को बाध्य होंगे।

 

फिलहाल प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि मामले की जांच कर उचित कदम उठाया जाएगा। इस मुद्दे को लेकर इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *