बिहार के बिहार में एक दर्दनाक सड़क हादसे में शैक्षणिक परिभ्रमण पर निकली बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दो शिक्षकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच शिक्षक और 11 छात्र घायल हो गए। यह दुर्घटना रोहतास जिला के परसथूआ थाना क्षेत्र में हुई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कैमूर जिला के चैनपुर अंचल स्थित मध्य विद्यालय बढ़ौना के छात्र और शिक्षक शैक्षणिक परिभ्रमण के लिए पटना जा रहे थे। सोमवार की देर रात करीब 12:30 बजे बस सोहसा गांव के समीप राष्ट्रीय उच्च पथ 319 पर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के समय बस में छात्र-छात्राओं समेत शिक्षक सवार थे।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों का इलाज बेहतर सुविधा वाले अस्पतालों में कराया जा रहा है।
इस हादसे में दो शिक्षकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया है। मृत शिक्षकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है तथा परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार या चालक को झपकी आने के कारण हादसा हुआ हो सकता है, हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। इस घटना के बाद विद्यालय परिवार और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही है।
