नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र की फोर लेन सड़क इन दिनों रफ्तार के लिए नहीं, बल्कि रीलबाजी के लिए सुर्खियों में है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने हर किसी को चौंका दिया है। वीडियो में बाइक सवार युवक सड़क को रेस ट्रैक समझते हुए जान जोखिम में डालकर खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो भागलपुर से मधेपुरा के भटगामा को जोड़ने वाली फोर लेन सड़क का है। कदवा गांव के पास तेज रफ्तार बाइक सवार एक पहिए पर बाइक दौड़ाते दिख रहे हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि उसी सड़क से आम वाहन भी गुजर रहे हैं। यानी एक छोटी सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
वीडियो में युवक बेखौफ होकर ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते दिख रहे हैं। न हेलमेट की चिंता, न अपनी या दूसरों की सुरक्षा का ख्याल—बस कैमरा ऑन और स्टंट शुरू। सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज के लिए अपनी और राहगीरों की जान जोखिम में डालना एक खतरनाक ट्रेंड बनता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस फोर लेन पर पहले भी लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन स्टंटबाज युवकों के हौसले कम नहीं हो रहे। लोगों ने प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
अब सवाल उठता है कि क्या पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित युवकों की पहचान कर कार्रवाई करेगी, या फिर सोशल मीडिया की एक और रील किसी की जिंदगी पर भारी पड़ेगी? फिलहाल नवगछिया की इस फोर लेन पर रफ्तार के साथ खतरा भी दौड़ रहा है और सबकी नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी है।
