गोपालपुर प्रखंड के सैदपुर गांव में महाशिवरात्रि के दिन ठगी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। गांव के सेवानिवृत्त शिक्षक कृपानाथ झा की पत्नी विभा देवी से एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति ने साधु का रूप धारण कर सोने की चेन ठग ली और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है।


पीड़िता विभा देवी ने बताया कि रविवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर दोपहर के समय वह अपने दरवाजे पर बैठी थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति वहां पहुंचा, जिसने खुद को साधु-संत बताया और अपने गुरु के बारे में चर्चा करने लगा। उसने कहा कि वह विशेष सिद्धि प्राप्त साधु है और लोगों का भविष्य बताता है। उसकी बातों में आकर विभा देवी उससे मिलने के लिए तैयार हो गईं।


विभा देवी के अनुसार, वह व्यक्ति उनके पीछे-पीछे घर के अंदर चला गया और भविष्य के बारे में तरह-तरह की बातें करने लगा। उसने विश्वास में लेते हुए एक यंत्र दिया और कहा कि इसे सोने के साथ सुरक्षित स्थान पर रख दें, जिससे घर में सुख-समृद्धि बनी रहेगी। साधु की बातों पर भरोसा कर विभा देवी ने अपना सोने का चेन उस यंत्र के साथ तकिया के नीचे रख दिया और अपने काम में लग गईं।


कुछ देर बाद जब उन्होंने तकिया के नीचे देखा तो सोने की चेन गायब थी। तभी उन्हें ठगी का एहसास हुआ। तब तक वह व्यक्ति वहां से जा चुका था। घबराई विभा देवी ने तुरंत अपने पुत्र आशुतोष झा को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही आशुतोष झा ने गोपालपुर पुलिस को मामले की सूचना दी।


पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वृद्ध दंपति से घटना की पूरी जानकारी ली। थाने में लिखित आवेदन देने को कहा गया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।


इस घटना ने ग्रामीणों को सतर्क कर दिया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अजनबी पर बिना जांच-पड़ताल के विश्वास न करें और घर के भीतर प्रवेश की अनुमति देने से पहले सावधानी बरतें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *