नवगछिया। महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर आदर्श थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह ने की। इस अवसर पर विभिन्न मंदिर समितियों के सदस्य, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य 15 फरवरी को आयोजित होने वाले महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना था।


बैठक में गौशाला मंदिर, नवादा पंचमुखी मंदिर, मनीयांमोर, पकड़ा, श्रीपुर, सिमरा सहित थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से निकलने वाली शिव बारात एवं झांकियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जुलूस के संभावित मार्ग, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों पर प्रशासन द्वारा विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई।


थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह ने सभी आयोजन समितियों से अपील की कि वे प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और शोभायात्रा को शांतिपूर्ण तरीके से निकालें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन द्वारा प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।


साथ ही सुबह से ही प्रमुख मंदिरों में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। गर्भगृह क्षेत्रों में महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती रहेगी। इसके अतिरिक्त, पुलिस गश्ती दल लगातार सक्रिय रहेंगे और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।


बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और महाशिवरात्रि पर्व को आपसी भाईचारे एवं श्रद्धा के साथ मनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *