सहरसा जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सदर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक देसी पिस्तौल, एक देसी कट्टा, दो मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
इस संबंध में साइबर डीएसपी अजीत कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक हिमांशु के निर्देशानुसार जिले में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहरसा सदर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि नगर निगम क्षेत्र के कायस्थ टोला वार्ड नंबर 31 स्थित अशोक कुमार मिश्रा के मकान में किराए पर रह रहा एक युवक अवैध गतिविधियों और शराब बिक्री में संलिप्त है।
सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मकान की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस को देखते ही एक युवक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान 29 वर्षीय संदीप कुमार के रूप में बताई, जो विद्यापति नगर वार्ड नंबर 19 का निवासी है। इसके बाद उसके कमरे की विधिवत तलाशी ली गई, जहां से एक देसी पिस्तौल, एक देसी कट्टा, दो मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने सभी हथियार और कारतूस जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब गिरफ्तार युवक के आपराधिक नेटवर्क, संभावित सहयोगियों और पूर्व गतिविधियों की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध हथियारों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रामराज सिंह, बालेश्वर कुमार सहित सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल रहे।
