सहरसा जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। बिहरा थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की संयुक्त टीम ने 518 लीटर विदेशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 4 लाख 70 हजार रुपये आंकी गई है।

 

पुलिस अधीक्षक हिमांशु को गुप्त सूचना मिली थी कि सिहौल गांव की ओर से एक लाल रंग का ट्रक अवैध विदेशी शराब लेकर सहरसा–सुपौल मुख्य मार्ग से सुपौल की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही बिहरा थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर शशि कुमार राणा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

 

टीम ने आजाद चौक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर JH10DC5776) को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर भागने लगा, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।

 

तलाशी के दौरान तस्करी का शातिर तरीका सामने आया। ट्रक के केबिन और बॉडी के अंदर विशेष रूप से गुप्त बॉक्स (तहखाने) बनाए गए थे। इन छिपे हुए बॉक्स को खोलने पर 60 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई। कुल 518.400 लीटर शराब जब्त की गई, जिसमें 180 एमएल की 48-48 बोतलों वाले पैक शामिल हैं।

 

गिरफ्तार तस्कर की पहचान 22 वर्षीय कलाम अंसारी के रूप में हुई है, जो दुमका जिला के तेलझाड़ी थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ट्रक और एक मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।

 

इस मामले में बिहरा थाना कांड संख्या 48/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ कर तस्करी गिरोह के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच में जुटी है।

 

छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष शशि कुमार राणा, पुलिस अवर निरीक्षक कृष्णा कुमार, ज्योति कुमारी तथा डीआईयू के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *