भागलपुर जिले के सुलतानगंज थाना क्षेत्र के मसदी गांव में जमीन विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। जमीन हड़पने की नीयत से एक महिला द्वारा अपने ही देवर पर ईंट से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस हमले में शिव शंकर मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उन्हें बचाने पहुंची उनकी बेटी प्रीति के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई।


पीड़ित शिव शंकर मंडल ने आरोप लगाया कि उनके कोई पुत्र नहीं हैं, बल्कि तीन बेटियां हैं। इसी बात को लेकर उनके भाई और भाभी उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं और लंबे समय से उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 7 फरवरी को वे अपनी जमीन पर चौकी पर बैठे थे। तभी उनके भाई की पत्नी अनीशा देवी वहां पहुंची और जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद करने लगी। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और अनीशा देवी ने ईंट उठाकर उनके सिर पर वार कर दिया।


घटना के दौरान जब उनकी बेटी प्रीति अपने पिता को बचाने दौड़ी तो आरोपी महिला ने उसके साथ भी मारपीट की। इस हमले में पिता-पुत्री दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सुलतानगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।


प्रीति ने रोते हुए बताया कि भाई नहीं होने के कारण उनके चाचा-चाची अक्सर परिवार को परेशान करते हैं। वर्ष 2023 में भी जमीन विवाद को लेकर मारपीट हुई थी, जिसमें चाचा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, लेकिन बाद में उन्होंने कोर्ट से जमानत ले ली थी। परिवार का आरोप है कि आरोपियों की दबंगई लगातार बढ़ती जा रही है।


फिलहाल पीड़ित परिवार ने सुलतानगंज थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। गांव में घटना को लेकर तनाव का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *