भागलपुर जिले के रजौन थाना क्षेत्र के मारनी गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में दोनों पक्षों से कुल पांच लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों का इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, मारनी गांव में पिछले पांच महीनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि पड़ोस के कुछ लोग जबरदस्ती जमीन पर कब्जा करना चाहते थे। मंगलवार को जब पीड़ित पक्ष के लोग अपनी जमीन पर पगडंडी काटने गए, तभी आरोपी पक्ष वहां पहुंच गया और विरोध करने लगा। बात बढ़ते-बढ़ते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोगों ने लोहे के रॉड से हमला कर दिया, जिसमें संतोष सिंह, पंकज सिंह और मंटू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग लगातार लाठी-डंडे और लोहे के रॉड से हमला करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि एक पक्ष के लोग जमीन पर गिर पड़े, इसके बावजूद पिटाई जारी रही। सभी घायलों के सिर में गंभीर चोट आई है।
मारपीट का आरोप चंदन सिंह, उमेश सिंह, ललन सिंह और कुंदन सिंह पर लगाया गया है। घायल संतोष सिंह ने बताया कि विवादित जमीन उनकी है और आरोपी पक्ष जबरन कब्जा करना चाहता है। विरोध करने पर पहले भी धमकी दी गई थी और अब खुलेआम मारपीट की गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और वीडियो फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।
