भागलपुर। माननीय मुख्य न्यायाधीश, पटना उच्च न्यायालय, श्री संगम कुमार साहू ने मंगलवार को भागलपुर जिले के कहलगांव व्यवहार न्यायालय परिसर में नवनिर्मित एमेनिटी बिल्डिंग एवं हाजत भवन का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर को न्यायिक ढांचे के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उद्घाटन के साथ ही व्यवहार न्यायालय भागलपुर, कहलगांव एवं नवगछिया में स्थापित कुल 9 ई-सेवा केंद्रों का ऑनलाइन शुभारंभ भी किया गया, जिससे आम नागरिकों को न्यायिक सेवाओं तक डिजिटल माध्यम से आसान पहुंच मिल सकेगी।


इस अवसर पर पटना उच्च न्यायालय के कई वरिष्ठ न्यायाधीश उपस्थित रहे। इनमें न्यायमूर्ति राजीव रंजन प्रसाद, न्यायाधीश सह भागलपुर के इंस्पेक्टिंग जज न्यायमूर्ति सुनील दत्त मिश्रा, न्यायमूर्ति पार्थ सारथी (रोहतास), न्यायमूर्ति डॉ. अंशुमान (जमुई), न्यायमूर्ति सौरेन्द्र पांडे (शेखपुरा), न्यायमूर्ति रितेश कुमार (बांका) एवं न्यायमूर्ति अंशुल (शिवहर) सहित अन्य न्यायाधीशगण एवं रजिस्ट्रार जनरल की गरिमामयी उपस्थिति रही।


कहलगांव में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भागलपुर के माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, नगर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह तथा भागलपुर व्यवहार न्यायालय के प्रथम एवं द्वितीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों की सहभागिता ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य न्यायाधीश श्री संगम कुमार साहू ने कहा कि एमेनिटी बिल्डिंग एवं हाजत भवन के निर्माण से व्यवहार न्यायालयों की आधारभूत संरचना को मजबूती मिली है।

इससे वादकारियों, अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मियों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने कहा कि ई-सेवा केंद्रों के माध्यम से न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी, समयबद्ध न्याय सुनिश्चित होगा और समाज के सभी वर्गों की न्याय तक पहुंच और अधिक सुदृढ़ होगी।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, भागलपुर धर्मेंद्र कुमार सिंह ने अपने संबोधन में इन नव-निर्मित भवनों और ई-सेवा केंद्रों को भागलपुर न्यायमंडल के लिए एक सशक्त उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल वादियों के लिए न्याय तक सुगम, सरल और त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने में सहायक सिद्ध होगी। कार्यक्रम का समापन न्यायिक व्यवस्था को और अधिक जनोन्मुखी बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *