भागलपुर के हबीबपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए एक संभावित आपराधिक घटना को समय रहते टाल दिया। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हबीबपुर थाना पुलिस ने तीन युवकों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
मामले की जानकारी देते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के धोबिया पोखर के पास कुछ लोग संदिग्ध हालत में अवैध हथियार के साथ घूम रहे हैं और किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही एक विशेष टीम का गठन किया गया और त्वरित छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान मोहम्मद अदनान, सुनील और अरुण को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद अदनान का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। कुछ दिन पहले मुजाहिदपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के घर के बाहर पटाखे फोड़ने और अवैध हथियार लहराते हुए उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था। इस घटना के बाद से ही पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी।
फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे किस प्रकार की आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे और इनके साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हो सकते हैं। पुलिस ने बताया कि बरामद हथियार को जब्त कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में संभावित बड़ी वारदात टल गई।

