भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र अंतर्गत अठनिया गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। खेत में सिंचाई के दौरान बिजली का करंट लगने से 20 वर्षीय युवक गोपाल कुमार यादव की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अंग्रेज यादव के पुत्र गोपाल कुमार यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिजनों के अनुसार, गोपाल को उसके पिता ने खेत की पटवन के लिए भेजा था। वह करीब दो घंटे से खेत में पानी दे रहा था। इसी दौरान बिजली से चलने वाली मोटर को खोलने के क्रम में अचानक वह करंट की चपेट में आ गया। तेज झटके के कारण वह वहीं गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जब तक परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि गोपाल कुमार यादव नवोदय विद्यालय का छात्र था और पढ़ाई में काफी होनहार था। गांव के लोग उसके उज्ज्वल भविष्य की चर्चा किया करते थे। उसकी असमय मौत से हर कोई स्तब्ध है।
ग्रामीणों ने बताया कि गोपाल दो भाइयों में छोटा था। लगभग दो वर्ष पूर्व उसके बड़े भाई की भी बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई थी। अब इस परिवार में सिर्फ माता-पिता ही बचे हैं। एक के बाद एक दोनों बेटों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
समाजसेवी अशोक कुमार यादव ने बताया कि सुबह गांव में अचानक हल्ला मच गया कि खेत में करंट लगने से युवक की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
