पूर्णिया पुलिस ने बहुचर्चित सूरज कुमार हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष जांच दल (SIT) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है।

 

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 27 जनवरी 2026 को मरंगा थाना क्षेत्र के बसंत विहार कॉलोनी में सुरज कुमार, पिता जवाहर यादव, की अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया। तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर टीम ने 29 जनवरी को STF पूर्णिया के सहयोग से घटना में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल जब्त की और विशाल कुमार को एक देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया।

 

लगातार फरार चल रहे आरोपियों के विरुद्ध 3 फरवरी 2026 को न्यायालय से कुर्की-जब्ती का आदेश प्राप्त किया गया। दबाव बढ़ने पर 6 फरवरी को दो प्राथमिक अभियुक्तों – स्नेहिल ठाकुर और आदित्य ठाकुर – ने मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुर थाना में आत्मसमर्पण कर दिया।

 

SIT की लगातार छापेमारी के क्रम में 7 फरवरी को तीन अन्य अभियुक्तों – ब्रजेश सिंह, राज सिंह उर्फ नंदू सिंह और अमन सिंह – को रूपौली थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। इनके पास से घटना में प्रयुक्त पिस्तौल भी बरामद की गई।

 

इसी क्रम में 9 फरवरी को एक और आरोपी एषु सिंह उर्फ अंशु सिंह ने माननीय न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। वहीं शेष आरोपी रजनीश सिंह को नवगछिया जिला के बिहपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

 

पुलिस के अनुसार सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पूर्णिया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

 

पूर्णिया पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *