भागलपुर जिले में 7 निश्चय–3 से बढ़ेगा अपना बिहार कार्यक्रम के अंतर्गत सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living) पहल के तहत सोमवार को व्यापक स्तर पर जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस क्रम में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने अपने कार्यालय कक्ष में आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान लगभग 60 आवेदनों की सुनवाई की गई। इनमें प्रमुख रूप से लंबित पेंशन मामलों, भूमि विवाद, राजस्व संबंधी समस्याएं और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़ी शिकायतें शामिल रहीं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आम लोगों को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
कार्यक्रम के दौरान एक दिव्यांग आवेदक व्हीलचेयर पर जिलाधिकारी के समक्ष पहुंचा और अपनी समस्या रखी। जिलाधिकारी ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मामले की प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई की और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इस पहल से दिव्यांगजनों सहित कमजोर वर्गों को प्रशासन तक सहज पहुंच का संदेश गया।
इसी क्रम में जिले के अन्य कार्यालयों में भी उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था) सहित सभी जिला स्तरीय, प्रखंड स्तरीय, अंचल एवं थाना स्तर के अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालयों में जनसुनवाई की। इससे नागरिकों को स्थानीय स्तर पर ही अपनी शिकायत दर्ज कराने और समाधान पाने की सुविधा मिली।
कार्यक्रम के दौरान प्राप्त सभी शिकायतों का विधिवत पंजीकरण किया गया तथा आवेदकों को प्राप्ति रसीद प्रदान की गई, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। आम जनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यालय परिसरों में बैठने की समुचित व्यवस्था, शुद्ध पेयजल तथा शौचालय की उपलब्धता सुनिश्चित की गई।
प्रशासन ने बताया कि सबका सम्मान–जीवन आसान कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान करना है। इस पहल के माध्यम से सरकारी सेवाओं की पहुंच को सरल बनाते हुए आम लोगों के भरोसे को मजबूत किया जा रहा है, ताकि सुशासन की दिशा में ठोस परिणाम हासिल किए जा
