सहरसा जिले के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर–22 में आपसी विवाद ने उस वक्त हिंसक रूप ले लिया, जब एक किराना दुकान को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
जानकारी के अनुसार, बिन्दे यादव, जो घर पर ही किराना दुकान चलाते हैं, बंद दुकान से सिगरेट और दालमोट मांग रहे थे। बताया जा रहा है कि शराब के सेवन के लिए सामान नहीं देने को लेकर दुकानदार और बिन्दे यादव के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते मामला गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया।
इस दौरान एक व्यक्ति को बुरी तरह पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद वह घर लौट आया। लेकिन विवाद यहीं शांत नहीं हुआ। कुछ ही देर बाद पवन यादव, भवेश यादव समेत करीब 10 से 12 लोग दोबारा मौके पर पहुंचे और फिर से मारपीट शुरू कर दी।
दूसरी झड़प में कुल पांच लोग घायल हो गए। पीड़ित कृष्ण कुमार ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन पुलिस समय पर नहीं पहुंची, जिससे विवाद और बढ़ गया। हालांकि बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और पांच लोगों को हिरासत में लिया, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि रिहाई के कारणों की जानकारी उन्हें नहीं दी गई।
वहीं दूसरे पक्ष से भी दो लोगों के घायल होने की बात सामने आ रही है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।
