भागलपुर जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब, आर्म्स और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दो अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 फरवरी 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कचिया चौक के आसपास एक व्यक्ति किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की नीयत से अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक (नगर) तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई और तत्काल छापेमारी की गई।

 

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने प्रफुलित यादव को कचिया चौक से एक देशी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके सहयोगी शकलेदेव यादव के घर पर छापेमारी की, जहां से एक देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

 

इस प्रकार दोनों आरोपियों के पास से कुल एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा और नौ जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं। दोनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि आम जनता को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *