भागलपुर के गोराडीह प्रखंड अंतर्गत मोहनपुर पंचायत स्थित दुर्गा मंदिर खरवा परिसर में अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा सम्मेलन सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम शहीद जगदेव प्रसाद की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसमें कुशवाहा समाज के लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
सम्मेलन का शुभारंभ कुशवाहा समाज के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण सिंह कुशवाहा, राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश महतो, प्रदेश अध्यक्ष धीरज सिंह कुशवाहा तथा युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय मेहता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद सभी अतिथियों ने शहीद जगदेव प्रसाद के तेल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज और कुशवाहा समाज के ध्वज के झंडोत्तोलन के साथ की गई। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन, युवा और महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सम्मेलन में सामाजिक एकता, शिक्षा, संगठन की मजबूती और समाज के विकास पर विशेष चर्चा की गई। वक्ताओं ने शहीद जगदेव प्रसाद के विचारों और संघर्षों को याद करते हुए समाज को संगठित रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में शामिल मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। वहीं कुशवाहा समाज की ओर से सभी अतिथियों का फूल-माला और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया।
सम्मेलन के दौरान समाज की एकजुटता और उत्साह स्पष्ट रूप से देखने को मिला। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज को दिशा देने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
