भागलपुर में वार्षिक खेल कार्यक्रम 2025-26 के अंतर्गत प्रमंडल स्तरीय दिव्यांग एथलेटिक्स चयन प्रतियोगिता का आयोजन 8 फरवरी 2026 को सैनडिस कंपाउंड में किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन डीएसपी रक्षित मिथिलेश कुमार जायसवाल, जिला दिव्यांग संघ के अध्यक्ष दिवाकर प्रसाद एवं जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जिला दिव्यांग संघ बांका के सचिव, जिला एथलेटिक संघ के सचिव मोहम्मद नसर आलम, जिला भारोत्तोलन संघ के सचिव नीरज राय, जिला योग संघ के सचिव एस.पी. कुमार, जिला कबड्डी संघ के संयुक्त सचिव रविकांत रंजन सहित कई पदाधिकारी और शारीरिक शिक्षक उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में भागलपुर और बांका जिले से लगभग 50 दिव्यांग महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता चार श्रेणियों—मूकबधिर, शारीरिक दिव्यांग, मानसिक दिव्यांग एवं ड्वॉर्फ वर्ग—में आयोजित की गई। चयनित खिलाड़ी 14 और 15 फरवरी 2026 को पटना में होने वाली राज्य स्तरीय दिव्यांग खेल प्रतियोगिता में भाग लेंगे। विजेताओं को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
उद्घाटन सत्र में डीएसपी ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ी आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। बिहार सरकार खेल के आधार पर दिव्यांग खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी भी प्रदान कर रही है। जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार ने बताया कि खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों में इस आयोजन को लेकर काफी उत्साह देखा गया।
प्रतियोगिता में चक्का फेंक, शॉटपुट, 60 मीटर और 100 मीटर दौड़ सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित हुईं। विभिन्न वर्गों में भागलपुर और बांका के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।
जिला दिव्यांग संघ के अध्यक्ष दिवाकर प्रसाद ने बताया कि पिछले दो वर्षों से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता नहीं होने से खिलाड़ी मायूस थे, लेकिन इस वर्ष आयोजन होने से उनमें नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला।
