भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। इंटर की परीक्षा देने आया 18 वर्षीय छात्र स्नान के दौरान डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई है।

 

मृतक की पहचान मुकेश कुमार (18 वर्ष), पिता चितरंजन यादव, निवासी छोटी भरगामा, जिला मधेपुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुकेश इंटरमीडिएट की परीक्षा देने भागलपुर आया था और अपने फूफा संजय यादव के यहां, ग्राम बाबूपुर वार्ड नंबर तीन, थाना सबौर में रह रहा था।

 

परिजनों के अनुसार, मुकेश एक अन्य युवक के साथ स्नान करने घाट पर गया था। नहाने के क्रम में वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक वह पानी में समा चुका था।

 

घटना की सूचना मिलते ही सबौर थाना पुलिस, डायल 112 की टीम और एसडीआरएफ मौके पर पहुंची। काफी खोजबीन और मशक्कत के बाद छात्र का शव पानी से बाहर निकाला गया। मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी मौजूद रहे।

 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह एक हादसा प्रतीत हो रहा है।

 

इंटर परीक्षा देने आए छात्र की इस असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और रिश्तेदारी में भी मातम का माहौल है।

 

एक उज्ज्वल भविष्य के सपने लेकर परीक्षा देने आए छात्र की अचानक हुई मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *