भागलपुर के पुलिस जिला नवगछिया अंतर्गत गोपालपुर प्रखंड की डीमहा पंचायत में बुनियादी सुविधाओं के अभाव ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यहां सड़क नहीं होने के कारण हालात ऐसे हैं कि मरीजों को खाट पर लादकर अस्पताल पहुंचाना पड़ रहा है। ताजा मामला एक घायल महिला से जुड़ा है, जिसे ग्रामीणों ने करीब 20 किलोमीटर पैदल खाट पर ढोकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, दर्शन पंडित की पत्नी अनीता देवी छत पर चढ़ने के दौरान सीढ़ी से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। गांव के एक चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सरकारी अस्पताल ले जाने की सलाह दी। लेकिन गांव तक न पक्की सड़क है और न एंबुलेंस की सुविधा। मजबूरन परिजन और ग्रामीणों ने अनीता देवी को खाट पर लादकर पैदल गोपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू हुआ।
अनीता देवी के भतीजे मिथलेश का कहना है कि उनकी पंचायत में पिछले 17 वर्षों से सड़क नहीं बनी है। गांव में अस्पताल, स्कूल और पक्की सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। कई जनप्रतिनिधि बदले, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं।
ग्रामीण मुकेश ने बताया कि वर्ष 2008 के बाद से यहां कोई सड़क निर्माण नहीं हुआ। सड़क नहीं होने के कारण वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाते, खासकर रात में स्थिति और गंभीर हो जाती है। एंबुलेंस चालक भी गांव आने से इनकार कर देते हैं।
करीब 900 मतदाताओं वाले इस गांव के लोगों का आरोप है कि वे विकास की मुख्यधारा से कटे हुए हैं। उनका कहना है कि वर्षों से वादे तो हुए, लेकिन जमीन पर कोई बदलाव नहीं दिखा। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द पक्की सड़क और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
