आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज़ शनिवार 7 फरवरी से होने जा रहा है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला सुबह 11 बजे पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड में खेला जाएगा। हालांकि मैच से पहले ही मौसम ने रोमांच पर पानी फेरने के संकेत दे दिए हैं। कोलंबो में बारिश की आशंका जताई गई है और इससे पाकिस्तान की चिंता बढ़ गई है।
यह वही मैदान है जहां टूर्नामेंट से पहले कई मुकाबले बारिश की वजह से रद्द हो चुके हैं। पाकिस्तान का वार्म-अप मैच भी यहां बारिश की भेंट चढ़ गया था। मौसम विभाग के अनुसार टॉस के समय 37 प्रतिशत बारिश की संभावना है। एक्यूवेदर के मुताबिक दोपहर 1 बजे के बाद बारिश की संभावना 60 से 68 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। अगर मैच प्रभावित होता है तो पाकिस्तान के लिए सुपर-8 की राह मुश्किल हो सकती है।
पाकिस्तान ने सरकारी निर्देशों के बाद 15 फरवरी को भारत के खिलाफ ग्रुप मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया है। ऐसे में उसके लिए बाकी सभी मुकाबले बेहद अहम हो गए हैं। अब टीम के पास गलती की कोई गुंजाइश नहीं बची है। अगर नीदरलैंड के खिलाफ मैच बारिश की वजह से रद्द हो जाता है तो पाकिस्तान अधिकतम पांच अंक तक ही पहुंच पाएगा, भले ही वह यूएसए और नामीबिया को हरा दे।
दूसरी ओर, नीदरलैंड भी यूएसए और नामीबिया के खिलाफ जीत दर्ज कर पांच अंकों तक पहुंच सकता है। ऐसी स्थिति में क्वालिफिकेशन का फैसला नेट रन रेट से होगा। भारत के खिलाफ मैच न खेलने के कारण पाकिस्तान पहले से ही दबाव में है और नेट रन रेट भी बड़ा फैक्टर बन सकता है।
अब सबकी नजरें कोलंबो के आसमान पर टिकी हैं। अगर मौसम साफ रहा तो मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है, लेकिन बारिश हुई तो पाकिस्तान के अभियान पर शुरुआत में ही संकट गहरा सकता है।
