केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) 2026 के दौरान बिहार के वैशाली जिले में उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब पेपर-2 की परीक्षा दो केंद्रों पर रद्द करनी पड़ी। अभ्यर्थियों के हंगामे और तकनीकी अव्यवस्थाओं के चलते केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने यह फैसला लिया। इस निर्णय से करीब 900 से अधिक परीक्षार्थी प्रभावित हुए हैं।

 

जानकारी के मुताबिक, सेंट जॉन्स एकेडमी, बसमती नगर और लक्ष्य इंटरनेशनल एकेडमी परीक्षा केंद्रों पर पेपर-2 आयोजित होना था। परीक्षा शुरू होने से पहले ही व्यवस्थाओं को लेकर अभ्यर्थियों में नाराजगी देखी गई। तकनीकी दिक्कतों और परीक्षा शुरू होने में देरी के कारण स्थिति बिगड़ती चली गई। लंबे इंतजार के बाद भी जब परीक्षा सुचारु रूप से शुरू नहीं हो सकी, तो अभ्यर्थियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।

 

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय प्रशासन और केंद्र प्रबंधन ने तुरंत सीबीएसई को सूचना दी। परीक्षार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने दोनों केंद्रों पर पेपर-2 की परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया।

 

सीबीएसई ने अपने आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया है कि यह कदम केवल वैशाली जिले के इन दो केंद्रों तक सीमित है। देश के अन्य सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है। बोर्ड ने यह भी भरोसा दिलाया कि प्रभावित अभ्यर्थियों के भविष्य पर किसी प्रकार का नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा।

 

बोर्ड के अनुसार, 15 दिनों के भीतर दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। नई तिथि, समय और केंद्र की जानकारी उम्मीदवारों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर और ई-मेल के माध्यम से दी जाएगी। साथ ही, अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचना पर ही भरोसा करें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *