नवगछिया प्रखंड के पकड़ा पंचायत स्थित पुराने विषहरी स्थान परिसर में बाबा पकड़ेश्वर महादेव, माता पार्वती एवं संकट मोचन की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ आज 7 फरवरी से भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हो गया। सुबह से ही पूरे गांव में भक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।

 

पुरानी भगवती मंदिर परिसर से निकली कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने भाग लिया। श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में भक्ति गीतों और जयघोष के साथ पूरे गांव का भ्रमण करते नजर आए। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां भी शामिल रहीं, जिसने वातावरण को पूरी तरह धार्मिक रंग में रंग दिया।

 

इसी के साथ संत श्री नारायण दास जी महाराज द्वारा शिव चर्चा और धार्मिक प्रवचन का भी शुभारंभ किया गया। प्रवचन के दौरान श्रद्धालुओं को शिव महिमा, भक्ति और मानव जीवन के आध्यात्मिक महत्व पर विस्तृत जानकारी दी गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु प्रवचन स्थल पर उपस्थित रहे।

 

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि 11 फरवरी को जलाधिवास, 12 फरवरी को अन्नाधिवास, 13 फरवरी को फल-फूल अधिवास तथा 14 फरवरी को प्रतिमाओं का भव्य नगर भ्रमण कराया जाएगा। 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शुभ मुहूर्त में विधि-विधान के साथ प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य समारोह आयोजित होगा, जिसके बाद महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।

 

गांव में जगह-जगह सजावट की गई है और श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। लोगों का मानना है कि यह धार्मिक महोत्सव गांव में आध्यात्मिक ऊर्जा, सामाजिक समरसता और एकता का संदेश देगा।

 

पकड़ा गांव इन दिनों पूरी तरह भक्ति के रंग में रंगा हुआ है और आगामी दिनों में होने वाले मुख्य अनुष्ठानों को लेकर श्रद्धालुओं में उत्सुकता बनी हुई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *