बिहार के रोहतास जिले के सूर्यपुरा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां शादी समारोह के दौरान आपसी विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना ढोढनडीह गांव की है, जहां गांव निवासी मिथिलेश सिंह की पुत्री की शादी का समारोह आयोजित था। शुक्रवार की शाम भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के यादवपुर से बारात पहुंची थी। शादी समारोह के दौरान नाच-गाने का कार्यक्रम चल रहा था और मंच पर डांसर प्रस्तुति दे रही थीं।
इसी दौरान ढोढनडीह गांव निवासी वीर बहादुर सिंह, उम्र करीब 24 वर्ष, मंच पर चढ़कर नाचने लगा। तभी उसका एक करीबी मित्र भी मंच पर चढ़ गया। वीर बहादुर ने अपने मित्र को मंच पर चढ़ने से मना किया, जिसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी मित्र ने गुस्से में आकर पिस्टल निकाल ली और तीन गोलियां चला दीं।
गोली लगते ही वीर बहादुर सिंह लहूलुहान होकर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना मिलते ही सूर्यपुरा थाना पुलिस के साथ वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से मंच के आसपास बिखरे नोट, मृतक का मोबाइल फोन और एक खोखा बरामद किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया गया है।
इस मामले में पुलिस उपाधीक्षक सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत होता है। गोली चलाने वाला व्यक्ति मृतक का करीबी मित्र बताया जा रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
