भागलपुर जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर एवं सहायक पुलिस अधीक्षक, भागलपुर द्वारा रात्रि के समय जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान डायल–112 की गश्ती गाड़ियों के साथ-साथ थाना परिसरों की कार्यप्रणाली, सतर्कता और तैनाती की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया गया।

 

औचक निरीक्षण के क्रम में तिलकामांझी, जोगसर, ततारपुर कोतवाली, मोजाहिदपुर, बबरगंज, बाईपास एवं जीरोमाइल थाना क्षेत्र प्रमुख रूप से शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने रात्रि गश्ती में लगे डायल–112 के पदाधिकारियों और कर्मियों से सीधे संवाद कर उनकी तैनाती, मूवमेंट, रिस्पॉन्स टाइम और क्षेत्रीय निगरानी की जानकारी ली। इसके साथ ही थाना परिसरों में मौजूद संत्री पोस्ट, रजिस्टर, ड्यूटी चार्ट और सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की गई।

 

निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य रात्रि के समय पुलिस की सतर्कता सुनिश्चित करना, अपराध नियंत्रण की स्थिति का आकलन करना और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर प्रभावी निगरानी बनाए रखना था। निरीक्षण के दौरान अधिकांश थाना क्षेत्रों में डायल–112 की गश्ती गाड़ियां, पुलिस पदाधिकारी, कर्मी एवं संत्री पोस्ट पूरी तरह चौकन्ने और सक्रिय पाए गए, जिसे लेकर वरिष्ठ अधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया।

 

हालांकि, जहां कहीं भी मामूली कमियां पाई गईं, वहां संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। उन्हें रात्रि गश्ती के दौरान और अधिक सतर्कता बरतने, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

भागलपुर पुलिस द्वारा लगातार रात्रि गश्ती, औचक निरीक्षण और निगरानी के माध्यम से अपराधियों पर दबाव बनाए रखने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने यह भी संदेश दिया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। भागलपुर पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ 24 घंटे जनता की सुरक्षा में तत्पर है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *