सहरसा जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मामूली से लेनदेन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामला नौहट्टा थाना क्षेत्र के खरका तैलवा पंचायत अंतर्गत ओरिया रमोती गांव का है, जहां दुकान से सामान लेने गए एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक दुकान से सामान लेने गया था। इसी दौरान 30 रुपये के लेनदेन को लेकर उसका कुछ लोगों से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने आपा खोते हुए युवक पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

 

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित के परिजन नौहट्टा थाना पहुंचे और मामले को लेकर लिखित आवेदन दिया। पीड़ित की मां गुलशन खातून ने बताया कि पैसे के लेनदेन को लेकर पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद हिंसा में बदल गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जान से मारने की नीयत से उनके बेटे पर चाकू से वार किया गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही नौहट्टा थाना पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस की ओर से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

 

इस संबंध में नौहट्टा थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

घटना के बाद से ओरिया रमोती गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *