भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड अंतर्गत तिलकपुर पंचायत में पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश के आगमन पर एनडीए कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। मंत्री के पहुंचते ही फूल-मालाओं, बुके और अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। पूरे पंचायत क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।

 

इस अवसर पर पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने तिलकपुर पंचायत में करीब दो करोड़ 88 लाख 720 रुपये की लागत से निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण स्थल पर मौजूद अधिकारियों से भवन निर्माण की गुणवत्ता, समय-सीमा और उपयोगिता से जुड़ी जानकारी ली। मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पंचायत सरकार भवन का निर्माण पूरी तरह गुणवत्तापूर्ण हो, ताकि भविष्य में ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि पंचायत सरकार भवन ग्रामीण शासन व्यवस्था की रीढ़ होता है। यहां से पंचायत से जुड़े अधिकांश कार्यों का निष्पादन होता है, इसलिए इसका मजबूत और सुविधाजनक होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि गांव स्तर पर ही लोगों को अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और इसके लिए आधारभूत संरचना को मजबूत किया जा रहा है।

 

पंचायती चुनाव को लेकर मंत्री ने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव में रोस्टर चेंजिंग की व्यवस्था लागू होगी। साथ ही महिलाओं को सरकार द्वारा निर्धारित आरक्षण का पूरा लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से पंचायत व्यवस्था और अधिक सशक्त और प्रभावी बनेगी। सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

 

इस कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश प्रधान महासचिव हिमांशु पटेल, जिला अध्यक्ष भजनदेव मांझी, प्रखंड अध्यक्ष मिथलेश चंद्रवंशी, मिलकपुर पंचायत के मुखिया अमित कुमार, पंचायती राज पदाधिकारी मानवेन्द्र कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष विपिन मंडल, जिला पंचायती राज पदाधिकारी विकास कुमार सहित दर्जनों जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

 

ग्रामीणों ने मंत्री के आगमन से क्षेत्र के विकास को लेकर उम्मीद जताई और कहा कि पंचायत सरकार भवन के निर्माण से पंचायत स्तर पर कार्यों में तेजी आएगी और आम लोगों को सहूलियत मिलेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *