भागलपुर के बबरगंज थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर शनिवार को भव्य कलश शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धा, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कलश शोभा यात्रा की शुरुआत मोहद्दीनगर स्थित दुर्गा मंदिर से हुई, जो कुतुबगंज होते हुए बबरगंज थाना परिसर स्थित शिव मंदिर तक पहुंची।
शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवतियां और श्रद्धालु शामिल हुए। सिर पर कलश धारण किए महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में भक्ति के रंग में रंगी नजर आईं। श्रद्धालुओं के चेहरे पर आस्था और उत्साह साफ झलक रहा था। जैसे-जैसे शोभा यात्रा आगे बढ़ी, पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंज उठा।
यात्रा के दौरान डीजे पर बज रही भक्तिमय धुनों ने माहौल को और भी शिवमय बना दिया। श्रद्धालु भजन-कीर्तन की धुनों पर झूमते और थिरकते हुए आगे बढ़ते रहे। रास्ते में स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया, वहीं कई जगहों पर श्रद्धालुओं के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई थी।
आयोजकों ने बताया कि कलश शोभा यात्रा के साथ ही शिव मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान की विधिवत शुरुआत हो गई है। आने वाले दिनों में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन, पूजा-पाठ और विशेष अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के समापन के बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। बबरगंज थाना पुलिस की मौजूदगी में शोभा यात्रा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने के लिए जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया था।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने इस आयोजन को क्षेत्र के लिए शुभ और मंगलकारी बताया। लोगों का कहना है कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों से सामाजिक समरसता बढ़ती है और आपसी भाईचारा मजबूत होता है। कलश शोभा यात्रा के साथ पूरे बबरगंज क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का माहौल बना रहा।
