भागलपुर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भक्ति और श्रद्धा का माहौल बनने लगा है। इसी कड़ी में 15 फरवरी से सुल्तानगंज प्रखंड के रघुचक अन्हार गांव में रामेश्वर सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले श्री राम कथा ज्ञान यज्ञ सह श्रीमद् भागवत कथा को लेकर भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर चंडीगढ़ से पधारे प्रसिद्ध राम कथा वाचक कुंदन जी महाराज की विशेष उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई।
ध्वजारोहण कार्यक्रम से पूर्व कुंदन जी महाराज द्वारा मंगल पाठ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण और जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मंगल पाठ के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए और भगवान श्रीराम तथा भगवान शिव की भक्ति में लीन दिखे। इसके बाद विधिवत ध्वजारोहण किया गया, जिसके साथ ही धार्मिक आयोजन की औपचारिक शुरुआत हो गई।
रामेश्वर सेवा समिति द्वारा आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर कटहरा पंचायत सहित आसपास के क्षेत्रों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। कटहरा, मोथाबाड़ी, कुमारपुर, पनसाल्ला, आजाद नगर सहित कई गांवों के लोग बड़ी संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन से न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है, बल्कि सामाजिक एकता भी मजबूत होती है।
ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान रामेश्वर सेवा समिति के अध्यक्ष सुरेश प्रसाद सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, अभय कुमार सिंह, नंदन कुमार सिंह, मुन्ना कुमार सिंह, गौतम कुमार सिंह, सुभाष शाह, बेरासी यादव, दानी पासवान, श्याम सिंह, पप्पू सिंह, श्री राम सिंह, जयप्रकाश सिंह, युवराज चंदन सहित बड़ी संख्या में पंचायत के लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि 15 फरवरी से शुरू होने वाली श्री राम कथा ज्ञान यज्ञ सह श्रीमद् भागवत कथा के दौरान प्रतिदिन कथा वाचन, भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रवचन होंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया और पूरे क्षेत्र में भक्ति, आस्था और उल्लास का माहौल बना रहा।
